दूसरा मक़सद
हर किसी ने अपनी कॉपी में अपना मक़सद लिखा। फिर मारिक बीच-बीच में किसी-किसी से पूछने लगे कि किसने क्या लिखा है।
मुझसे और नताशा से भी पूछा।
और पता चला कि हम दोनों की कॉपियों में एक ही वाक्य लिखा है। हूबहू, शब्द-दर-शब्द।
हमने एक-दूसरे की कॉपी से नक़ल नहीं की थी। फिर भी दोनों के हाथ से एक ही बात निकली:
“मैं आज़ाद हूँ और लोगों को आज़ाद होने में मदद करता हूँ।”
हम दोनों वहाँ साथ कैसे पहुँचे?
नताशा को, ज़ाहिर है, मारिक के बारे में पता चल ही गया था। और एक दिन मैंने उससे कहा: चलो, उनके पास साथ चलते हैं — तुम और मैं।
पहले हमने उनकी बेसिक ट्रेनिंग की। मैं उसे पहले ही कई बार कर चुका था — अकेले भी और अपने डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ भी। पर नताशा के लिए यह पहली बार था। वो वहाँ से निकली, तो ख़ुशी से झूम रही थी।
तो फिर हम साथ में “समय, विज़न, मक़सद” ट्रेनिंग में गए। मेरे लिए यह तीसरी बार था। नताशा के लिए पहली।
आपको याद है, पहली बार मारिक के पास जाते हुए मैं कितना डरा हुआ था? पहले ग्रीस में उनकी ट्रेनिंग से भाग निकला, फिर बड़ी मुश्किल से ख़ुद को मॉस्को जाने के लिए राज़ी कर पाया। और अब मैं ख़ुद अपने सबसे क़रीबी इंसान को उनके पास ले जा रहा था।
मेरे दोनों वाक्य पास-पास रखकर देखिए।
पहला, सातवें अध्याय से: “मैं ख़ुद ग्रो करता हूँ और नेटवर्क मार्केटिंग के ज़रिए दूसरे लोगों को ग्रो करने में मदद करता हूँ।”
दूसरा: “मैं आज़ाद हूँ और लोगों को आज़ाद होने में मदद करता हूँ।”
देखा, क्या ग़ायब हो गया? नेटवर्क मार्केटिंग। दूसरे वाक्य में वो है ही नहीं।
मैंने उसे छोड़ा नहीं। मैं आज भी नेटवर्क मार्केटिंग में हूँ, और मुझे उससे प्यार है। बस अब यह वो फ़्रेम नहीं रहा, जिसमें मैं ख़ुद को फ़िट करता था। यह कई रास्तों में से एक रह गया, इकलौता रास्ता नहीं। और वाक्य ख़ुद भी फैल गया — ज़्यादा चौड़ा, ज़्यादा गहरा। पहली बार जितना तंग नहीं रहा।
एक चीज़ और बदली। पहले केंद्र में ग्रोथ थी: मैं ग्रो करता हूँ। अब केंद्र में आज़ादी है। ग्रोथ कहीं नहीं गई। बस मुझे समझ आ गया कि वो किस तरफ़ ले जाती है।
तो मेरे लिए आज़ादी आख़िर है क्या?
फ़ाइनेंशियल आज़ादी — यह तो समझ में आता है। पैसिव इनकम, घूमना-फिरना, जहाँ मन करे, वहाँ रहने का मौक़ा। यह सब मेरे पास था, और एक-दो साल नहीं, कई साल तक।
लेकिन नताशा और उसके लेवल वाले सिस्टम के साथ बिताए सालों में मैं समझ गया कि बात इतने पर ख़त्म नहीं होती। आज़ादी तब है, जब आपको दूसरों के पैटर्न, मान्यताएँ, स्टीरियोटाइप और प्रोग्राम नहीं जकड़ते, जो कभी आपके अंदर डाल दिए गए थे। जैसे “ब्लैक बॉक्स” का वो ठप्पा, जिसे मैं इतने साल ढोता रहा।
और मैनिपुलेशन से आज़ादी। बाद में, नताशा के साथ रिकॉर्ड किए हमारे एक वीडियो लेसन में, मैंने इसे ऐसे कहा था: जब तक आप लोगों को मैनिपुलेट करते हैं, चाहे आपको ख़ुद इसका एहसास भी न हो, तब तक आप आज़ाद नहीं हैं। आप उसी खेल के अंदर हैं। असली आज़ादी तब शुरू होती है, जब मैनिपुलेशन आपकी ज़िंदगी से चला जाता है।
यह वाक्य ऐसी ही आज़ादी के बारे में है। ख़ुद आज़ाद होना, और दूसरों को आज़ाद होने में मदद करना।
बहुत साल बीत गए, पर यह वाक्य आज भी मेरे साथ है। मेरी बायोग्राफ़ी इसी से शुरू होती है। मैंने इसे अपनी ज़िंदगी के खेल के उन नियमों में लिख लिया, जिनके हिसाब से मैं जीता हूँ। मैं कहीं भी रहूँ, कुछ भी करूँ, “किसलिए?” — इस सवाल का मेरा जवाब यही रहता है।
तब मुझे यह समझ आया: मक़सद कोई पत्थर की लकीर नहीं, जो एक बार खिंच गई तो हमेशा के लिए। वो आपके साथ-साथ बढ़ता है। अगर बरसों में आपका “किसलिए” एक बार भी नहीं बदला, तो ख़ुद से पूछिए: क्या इन सालों में आप ख़ुद आगे बढ़े हैं?
और उस कॉपी के बारे में एक बात और।
नताशा को और मुझे यह वाक्य किसी ने नहीं सुझाया था। मारिक ने बस टास्क दिया था, और जवाब हर किसी ने अपने अंदर ख़ुद ढूँढ़ा। दो अलग-अलग इंसान, हर एक का अपना रास्ता — और दोनों एक ही शब्दों तक पहुँचे।
मतलब, ये शब्द पहले से अंदर रखे थे। हम दोनों में से हर एक के अंदर। ट्रेनिंग ने बस उन्हें बाहर निकालने में मदद की — जैसे कभी हीरों वाला ज्वेलरी बॉक्स बाहर निकालने में मदद की थी।
करके देखिए। मक़सद का वो ड्राफ़्ट निकालिए, जो आपने सातवें अध्याय के बाद लिखा था। उसे दोबारा लिखिए — अपनी कंपनी, प्रोडक्ट या बिज़नेस का नाम लिए बिना। सिर्फ़ “मैं … और लोगों को … में मदद करता/करती हूँ।” देखिए, क्या बचा। अगर वाक्य अब भी अपना असर रखता है और उसका कोई मतलब बनता है, तो आपने वो चीज़ ढूँढ़ ली है, जो किसी भी बिज़नेस से बड़ी है।
आज़ादी — ख़ूबसूरत शब्द है। लेकिन मैं इसे असल ज़िंदगी में परखना चाहता था। ख़ुद पर नहीं, बल्कि अपने आसपास के लोगों पर।
और जल्द ही ऐसा मौक़ा आ गया। नताशा ने मेरे बिज़नेस को क़रीब से जाना और देखा कि मेरे लीडरों को मदद की ज़रूरत है।
इस तरह शुरू हुआ हमारा पायलट प्रोजेक्ट।